Ticker

6/recent/ticker-posts

एटा में सेना के जवान ने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंका, पूछताछ में कबूला जुर्म

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भारतीय सेना के एक जवान पर अपनी ही पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऐसे अपनी ड्यूटी पर लौट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। लेकिन पुलिस की लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्य और कार से मिले अहम सुरागों ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर एटा लाया गया, जहां पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस उसकी निशानदेही पर शव की तलाश में जुटी है।
सेना के जवान ने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंका, 18 दिन बाद खुला राज ETAH NEWS
(सांकेतिक छायाचित्र)
पुलिस के अनुसार, मारहरा थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतनगर काकामई बादामपुर निवासी रमाकांत भारतीय सेना में जवान है। उसकी तैनाती पहले पठानकोट में थी, लेकिन हाल ही में उसका तबादला पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुआ था। नई तैनाती पर जाने से पहले वह 28 मई को 45 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। बाद में उसने छुट्टी 15 दिन और बढ़वा ली। जांच में सामने आया कि छुट्टी बढ़ाने के पीछे उसकी अलग योजना थी।

रमाकांत की पत्नी सोनी यादव (33) बच्चों की पढ़ाई के कारण एटा के जीटी रोड स्थित शिवा सिटी कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थीं। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रमाकांत अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। यही विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली।

मृतका की मां सरोज देवी, निवासी गांव मढ़ौर, थाना करहल, जिला मैनपुरी, ने पुलिस को बताया कि सोनी की शादी जनवरी 2015 में रमाकांत से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं—क्षितिज (10 वर्ष) और सताक्षी (5 वर्ष)। बच्चों की पढ़ाई के चलते सोनी एटा में रह रही थीं, जबकि रमाकांत नौकरी के कारण बाहर तैनात रहता था।
बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच के मुताबिक 6 जुलाई की सुबह रमाकांत अपनी कार से दोनों बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस आया। इसके बाद उसने पत्नी से आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान खरीदने की बात कही और उसे अपने साथ कार में बैठाकर ले गया। आरोप है कि रास्ते में उसने सोनी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जलेसर क्षेत्र के जावड़ा स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार इस वारदात में उसका दोस्त अजय भी शामिल था।

हत्या के बाद आरोपी सीधे अपनी ड्यूटी पर जलपाईगुड़ी लौट गया। घटना के बाद आरोपी और उसकी पत्नी दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। हालांकि कुछ समय बाद रमाकांत का मोबाइल चालू हुआ, जिससे पुलिस का शक उसी पर गहराने लगा।

मां की शिकायत से शुरू हुई जांच

जब सोनी घर वापस नहीं लौटीं तो उनकी मां सरोज देवी ने 7 जुलाई को कोतवाली नगर पुलिस में तहरीर देकर बेटी के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने अगले दिन 8 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला सामान्य गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मामला हत्या की ओर बढ़ता गया।

मोबाइल लोकेशन, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने 11 जुलाई को रमाकांत और उसके साथी अजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गईं।

कार से मिले अहम साक्ष्यों ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस को सबसे महत्वपूर्ण सुराग आरोपी की कार से मिले। पुलिस के मुताबिक हत्या कार के अंदर ही की गई थी। कार से खून के धब्बे, महिला की टूटी हुई चूड़ियां और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए। इन सबूतों के आधार पर पुलिस का शक पूरी तरह रमाकांत पर केंद्रित हो गया। कार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया।

जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार हुआ आरोपी

जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर एटा पुलिस पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित सेना की यूनिट पहुंची। वहां से आरोपी रमाकांत को गिरफ्तार किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे एटा लाया गया। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने की बात स्वीकार कर ली।
शव की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर हजारा नहर में शव की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस का कहना है कि शव मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

एसपी श्यामनारायण पांडेय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उसने हत्या की बात स्वीकार की है और उसकी निशानदेही पर शव की तलाश कराई जा रही है। मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है, वहीं आरोपी के साथी अजय की भूमिका की भी जांच जारी है।

यह भी पढ़ें 


Post a Comment

0 Comments