Ticker

6/recent/ticker-posts

कासगंज में मासूम की रहस्यमयी मौत, घंटों तलाश के बाद कुएं में मिला शव

कासगंज: जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित सेमरा मोर्चा गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां चार वर्षीय बालक का शव घर के पास बने कुएं में मिलने से पूरे इलाके में मातम छा गया। मृतक की पहचान माधव (4) के रूप में हुई है।
कासगंज में मासूम की रहस्यमयी मौत, घंटों तलाश के बाद कुएं में मिला शव
परिजनों के मुताबिक, बच्चा मंगलवार दोपहर अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने शाम के समय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर खोज अभियान शुरू किया।

कई घंटों तक चला सर्च ऑपरेशन
डायल 112 और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे की तलाश की, लेकिन देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। करीब रात 11 बजे घर के पास स्थित एक कुएं में बच्चे का शव दिखाई देने से सभी स्तब्ध रह गए।

पुलिस की मौजूदगी में निकाला गया शव
सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक नेत्रपाल सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने लगभग 15 फीट गहरे कुएं से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि माधव अपनी चार बहनों में इकलौता भाई था। इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी गहरा शोक व्याप्त है।

जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।

यह भी पढ़ें 

Post a Comment

0 Comments